सरकार ने वस्त्रों के लिए उत्पादन-संबंधी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण के तहत 52 नए आवेदनों को मंजूरी दी है। वस्त्र मंत्रालय ने बताया कि इन आवेदकों ने 6,708 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे 21,186 करोड़ रुपये का संभावित कारोबार होगा। स्वीकृत प्रस्तावों से वस्त्र क्षेत्र को, विशेष रूप से मानव निर्मित फाइबर (एमएमएफ) फैब्रिक, एमएमएफ परिधान और तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में, महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन 52 स्वीकृत आवेदनों में से 5 एमएमएफ परिधान के लिए, 19 एमएमएफ कपड़े के लिए, 18 तकनीकी वस्त्रों के लिए और 10 बहु-श्रेणियों के लिए हैं। ये निवेश घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाएंगे, नवाचार को बढ़ावा देंगे और वैश्विक वस्त्र बाजार में भारत की स्थिति को मजबूत करेंगे। वस्त्रों के लिए पीएलआई योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जिसका उद्देश्य उच्च मूल्य वाले वस्त्र उत्पादन को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और देश भर में रोजगार के अवसर पैदा करना है।
















