Breaking News

सरगुजा में तेज हुई गर्मी की मार, 24 घंटे में 3 डिग्री उछाल, 4 दिन हीट वेव का अलर्ट

post

सरगुजा में तेज हुई गर्मी की मार, 24 घंटे में 3 डिग्री उछाल, 4 दिन हीट वेव का अलर्ट


अंबिकापुर, 16 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में अब गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के चलते महज 24 घंटे में तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

गुरूवार को अंबिकापुर शहर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी के साथ शाम तक भी राहत नहीं मिली और वातावरण में तपिश बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम दिशा से लगातार गर्म हवाएं सरगुजा क्षेत्र में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मौसम साफ रहने के चलते आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल माह के शुरुआती दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से तापमान नियंत्रित रहा और यह 28 से 33 डिग्री के बीच बना रहा। लेकिन अब विक्षोभ के असर के खत्म होने के बाद गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के मेट्रोलॉजिस्ट एएम भट्ट ने बताया कि राजस्थान की ओर से गर्म हवा लगातार इस क्षेत्र में आ रही है, जिससे तापमान में उछाल दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके कारण गर्मी का असर और बढ़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तापमान बढ़ने के साथ दोपहर बाद स्थानीय प्रभाव से तेज अंधड़ चलने की भी आशंका है, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.