Breaking News

सोना-चांदी में गिरावट, मजबूत डॉलर और वैश्विक अनिश्चितता का असर


व्यापार 21 April 2026
post

सोना-चांदी में गिरावट, मजबूत डॉलर और वैश्विक अनिश्चितता का असर

मुंबई । घरेलू बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं दबाव में रहीं।

एमसीएक्स पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट सुबह करीब 10:27 बजे 243 रुपए की गिरावट के साथ 1,53,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोना 1,53,675 रुपए के निचले और 1,53,922 रुपए के उच्च स्तर तक पहुंचा।

वहीं चांदी का 5 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,776 रुपए टूटकर 2,50,769 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया। सत्र के दौरान चांदी ने 2,50,210 रुपए का निचला और 2,51,222 रुपए का ऊपरी स्तर छुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का रुख बना रहा। सोना करीब 0.43 प्रतिशत गिरकर 4,807 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.44 प्रतिशत फिसलकर 78.885 डॉलर प्रति औंस पर रही।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी एनालिस्ट मानव मोदी के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम और संभावित शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता के चलते निवेशक सतर्क हैं, जिसका असर कीमतों पर दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि बाजार में इस बात को लेकर संशय बना हुआ है कि युद्धविराम खत्म होने से पहले नई वार्ता हो पाएगी या नहीं। दोनों पक्षों से मिल रहे अलग-अलग संकेतों ने अस्थिरता बढ़ाई है।

इसके अलावा डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने का भी असर पड़ा है, जो बढ़कर करीब 97.94 पर पहुंच गया है। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर सोना और चांदी कमजोर पड़ते हैं, क्योंकि निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की ओर रुख करते हैं।



You might also like!