नई दिल्ली, 30 अप्रैल । पश्चिम एशिया में होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी को लेकर बनी अनिश्चितता और इस वजह से कच्चे तेल की कीमत में आए उबाल ने आज घरेलू शेयर बाजार को बुरी तरह से झुलसा दिया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक आज बड़ी गिरावट के शिकार हो गए। बड़ी गिरावट के बाद दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे दोनों सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहे। हालांकि आखिरी घंटे के कारोबार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों की रिकवरी की कोशिश पर ब्रेक लग गया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद सेंसेक्स 0.75 प्रतिशत और निफ्टी 0.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार में मेटल, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, हेल्थ केयर, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी इंडेक्स आज 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.98 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 463.45 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.24 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.79 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,337 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,649 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,532 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 156 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,944 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,072 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,872 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से नै शेयर बढ़त के साथ और 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 482.15 अंक की कमजोरी के साथ 77,014.21 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद पहले आधे घंटे तक बाजार में मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 11 बजे के थोड़ी देर बाद सेंसेक्स 1,237.50 अंक टूट कर 76,258.86 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा।
लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के करीब एक घंटा पहले सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 995.47 अंक की रिकवरी कर 77,254.33 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की रिकवरी थम गई। आखिरी घंटे में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 340.83 अंक फिसल कर 582.86 अंक की गिरावट के साथ 76,913.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 180.70 अंक टूट कर 23,996.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले आधे घंटे तक लिवालों और बिकवालों के बीच मामूली खींचतान चलती रही। इसके बाद बिकवाली शुरू हो गई, जिससे पहले दो घंटे के कारोबार में ही निफ्टी 380.80 अंक लुढ़क कर 23,796.85 अंक के स्तर तक आ गया। इस जोरदार गिरावट के बाद खरीदारों ने बाजार में लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 290.60 अंक सुधर कर 90.20 अंक की कमजोरी के साथ 24,087.45 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद एक बार फिर बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 89.90 अंक टूट कर 180.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,997.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से बजाज ऑटो 4.72 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 1.66 प्रतिशत, इंफोसिस 1.22 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.94 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीएमपीवी 3.16 प्रतिशत, एटरनल 2.76 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.74 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.74 प्रतिशत और एक्सिस बैंक 2.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
Breaking News
- नेपाल के राष्ट्रपति ने बालेन्द्र सरकार के ६ अध्यादेशों में सिर्फ एक को मंजूरी दी
- गर्मी की छुट्टी में ‘नो स्कूल-नो फीस’ लागू करने की मांग तेज
- डीआरडीओ ने बताया कि ब्रह्मोस एयरोस्पेस का राजस्व 2025-2026 वर्ष के लिए ₹5200 करोड़ से अधिक हो गया है।
- परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल सड़क अवसंरचना की आवश्यकता पर जोर दिया।
- भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना संघ का उद्देश्य : नरेन्द्र ठाकुर
- 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जॉम्बीज' का ट्रेलर रिलीज
- बड़ी गिरावट के साथ शेयर बाजार बंद, निवेशकों को 4.79 लाख करोड़ की चपत
- शेयर बाजार: सेंसेक्स में 609 अंकों की बढ़त, निफ्टी में 182 अंकों की बढ़त के साथ शीर्ष पर बंद हुआ
- चिकित्सा मंत्रालय के सचिव ने कर्नाटक सरकार के साथ विभिन्न प्रमुख योजनाओं पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
- सरकार ने आश्वासन दिया है कि खरीफ 2026 सीजन के लिए देश में उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त है।
बड़ी गिरावट के साथ शेयर बाजार बंद, निवेशकों को 4.79 लाख करोड़ की चपत







.jpg)






.jpg)
.jpg)