Breaking News

इतिहास के पन्नों में 09 मई : महात्मा गांधी के राजनीतिक गुरु का जन्म


देश 08 May 2026
post

इतिहास के पन्नों में 09 मई : महात्मा गांधी के राजनीतिक गुरु का जन्म

इतिहास में 09 मई के नाम पर कई ऐतिहासिक घटनाएं दर्ज हैं, उनमें एक अहम खड़ी है महात्मा गांधी के राजनीतिक गुरु और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल गोपाल कृष्ण गोखले का जन्म। 09 मई 1866 को तत्कालीन बंबई प्रेसिडेंसी के महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में गोखले जी का जन्म हुआ था। वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, शिक्षाविद और उदारवादी विचारक के रूप में देश के इतिहास में विशेष स्थान रखते हैं।

गोखले ने मुंबई के एल्फिंस्टन कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और सामाजिक व राजनीतिक सुधारों के लिए सक्रिय हो गए। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नरमपंथी नेताओं में गिने जाते थे। वर्ष 1890 में कांग्रेस से जुड़ने के बाद उन्होंने संवैधानिक तरीकों से देश में सुधार और स्वशासन की मांग को मजबूती से उठाया।

गोखले 1899 में बंबई विधानसभा तथा 1902 में इम्पीरियल विधान परिषद के सदस्य चुने गए। वे प्रसिद्ध समाज सुधारक महादेव गोविंद रानाडे के शिष्य थे और चरित्र निर्माण को राष्ट्र निर्माण का आधार मानते थे। इसी सोच के साथ उन्होंने 1905 में सर्वेंट्स ऑफ द इंडिया सोसायटी की स्थापना की। इस संस्था का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र सेवा और सार्वजनिक जीवन के लिए तैयार करना था।

गोखले आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के समर्थक थे। उनका मानना था कि भारत के विकास के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक शिक्षा बेहद जरूरी है। वे सामाजिक समरसता, शिक्षा और राजनीतिक जागरूकता के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने के पक्षधर थे।

महात्मा गांधी ने गोपाल कृष्ण गोखले को अपना राजनीतिक गुरु माना था। दक्षिण अफ्रीका में भारतीयों के अधिकारों के लिए गांधीजी द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन में भी गोखले ने गहरी रुचि दिखाई। जब गांधीजी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे, तब गोखले के मार्गदर्शन में ही उन्होंने देश सेवा की दिशा में अपने कदम आगे बढ़ाए।

उदारवादी विचारधारा के अग्रणी नेता गोपाल कृष्ण गोखले का 1915 में निधन हो गया, लेकिन भारतीय राजनीति और समाज सुधार में उनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत माना जाता है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1502 - दुनिया के सबसे बड़े खोजी यात्री और नयी दुनिया के खोजकर्ता माने जाने वाले क्रिस्टोफर कोलंबस ने एशिया का रास्ता तलाश करने के लिए स्पेन के कादिज से अपनी चौथी यात्रा शुरू की।

1540 - कई सालों तक मुगल शासक अकबर से संघर्ष करने वाले मेवाड़ के महाराणा प्रताप का जन्म।

1653 - विश्वविख्यात ऐतिहासिक इमारत और दुनिया के अजूबों में शुमार ताजमहल का निर्माण 22 वर्ष के निरंतर परिश्रम के बाद पूरा हुआ।

1689 - अंग्रेज शासक विलियम तृतीय ने फ्रांस के साथ युद्ध की घोषणा की।

1866 - महान नेता, समाज सुधारक एवं विचारक गोपाल कृष्ण गोखले का जन्म।

1874 - बंबई (अब मुंबई) में पहली बार घोड़े से खींची जाने वाली ट्राम कार शुरू हुई।

1946 - डॉ. राम मनोहर लोहिया की अगुआई में गोवा में पुर्तगाल के शासन के खिलाफ पहला सत्याग्रह आंदोलन शुरू हुआ।

1947 - वैश्विक वित्तीय संस्था विश्व बैंक ने अपना पहला ऋण फ्रांस को दिया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद पुनर्निर्माण के लिए फ्रांस ने 50 करोड़ डालर का कर्ज मांगा था और 1944 में स्थापित विश्व बैंक ने उसे इससे आधा अर्थात 25 करोड़ डालर का कर्ज दिया।

1955 - पश्चिम जर्मनी नाटो का सदस्य बना और फ्रांस स्थित नाटो मुख्यालय में जर्मनी का ध्वज फहराया गया।

1960 - अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन ने पहली गर्भनिरोधक गोली को मंजूरी दी।

1975 - पहली विद्युत टंकण मशीन बनायी गयी।

1993 - दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के नाम्बिजा क्षेत्र में भूस्खलन से तीन सौ लोगों की मौत।

2000 - जाफना प्राय:द्वीप के एलीफेंट दर्रे पर कब्ज़े के लिए लिट्टे के साथ हुए संघर्ष में श्रीलंका के 358 सैनिक मारे गये।

2002 - कराची विस्फोट में पाकिस्तान के ही संगठन का हाथ होने के संकेत।

2004 - चेचेन्या में एक विस्फोट में वहाँ के राष्ट्रपति अखमद कादरोव का निधन।

2005 - मास्को में रूस द्वारा द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जर्मनी सेना पर विजय की 60वीं वर्षगांठ के जलसों में भारत के प्रधानमंत्री डाक्टर मनमोहन सिंह ने भाग लिया।

2008 - अमेरिका ने पाकिस्तान को 8.1 करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता देने से इन्कार किया।

2010 - भारत की वंदना शिवा को विकासशील देशों में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग देने के लिए वर्ष 2010 के सिडनी शांति पुरस्कार के लिए चुना गया। उन्हें चार नवंबर को सिडनी ओपेरा हाउस में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

2012 - अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने समलैंगिक विवाह को समर्थन दिया।

जन्म

1540 - महाराणा प्रताप, उदयपुर, मेवाड़ में शिशोदिया राजवंश के राजा।

1661 - जहाँदारशाह - बहादुरशाह प्रथम के चार पुत्रों में से एक था।

1836 - फर्डिनांड मोनोयेर - प्रसिद्ध फ़्राँसीसी नेत्र रोग विशेषज्ञ थे।

1866 - गोपाल कृष्ण गोखले, स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, विचारक एवं सुधारक थे।

1930 - रवीन्द्रनाथ त्यागी - प्रसिद्ध भारतीय व्यंग्यकार और लेखक थे।

1935 - स्नेहमयी चौधरी - प्रसिद्ध हिन्दी कवयित्री।

निधन

1959 - भवानी दयाल संन्यासी - राष्ट्रवादी, हिंदी सेवी और आर्यसमाजी थे।

1986 - तेनज़िंग नोर्गे - माउंट एवरेस्ट, हिमालय पर पहुँचने वाले सर्वप्रथम व्यक्ति

1995 - कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर - हिन्दी के जाने-माने निबंधकार।

1998 - तलत महमूद - प्रसिद्ध भारतीय गजल गायक और अभिनेता

1999 - करमशी जेठाभाई सोमैया - भारतीय शिक्षाविद थे।

2014 - एन. जनार्दन रेड्डी - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे, जो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.