Breaking News

कुसमुंडा में सड़क के गड्ढे बने जानलेवा, ट्रेलर की चपेट में आने से एसईसीएल कर्मी की मौत

post

कुसमुंडा में सड़क के गड्ढे बने जानलेवा, ट्रेलर की चपेट में आने से एसईसीएल कर्मी की मौत

कोरबा, 09 मई । जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में आज शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

मिली जानकारी के अनुसार बांकी मोगरा निवासी दुखीराम शनिवार को अपनी दुपहिया वाहन से इमली छापर चौक से कुसमुंडा खदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान भुट्टा चौक के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढों में उसकी मोटरसाइक‍िल अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि गिरते ही वह पास से गुजर रहे एक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ट्रेलर चालक ने वाहन रोका। हादसे में कर्मी मोटरसाइक‍िल समेत ट्रेलर के पहियों के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

ट्रेलर संघ के अध्यक्ष जीतू महंत और उनके साथियों की मदद से घायल कर्मी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए कुसमुंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना कुसमुंडा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क की खराब हालत को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कुसमुंडा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं और कई अपनी जान गंवा चुके हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.