वैश्विक ईंधन कीमतों में वृद्धि के चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों द्वारा सरकारी वाहनों के उपयोग को कम करने की घोषणा की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य अधिकारियों के वाहन बेड़े में 50 प्रतिशत की कमी का आदेश दिया है और सरकारी काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और घर से काम करने को बढ़ावा देने की अपील भी की। राज्य सरकार ने मेट्रो सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग पर बल दिया, साथ ही वर्चुअल बैठकों और साप्ताहिक “वाहन-मुक्त दिवस” को प्रोत्साहित किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अगले आदेश तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। सोमवार को कैबिनेट बैठक में, श्री यादव ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से राष्ट्रीय हित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के काफिले में अब केवल आठ वाहन होंगे और कोई भी वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि मंत्री, विधायक, अधिकारी और सरकारी विभाग सरकारी वाहनों का उपयोग सीमित करेंगे, कारपूलिंग अपनाएंगे और मेट्रो और बस सेवाओं को प्राथमिकता देंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने वैश्विक ऊर्जा अनिश्चितता को देखते हुए दिल्लीवासियों से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने की अपील की।













.jpg)
.jpg)
.jpg)
