नई दिल्ली, 18 मई । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ एक बार फिर मिलिट्री एक्शन शुरू करने की चेतावनी देने के कारण दुनिया भर के बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर बिकवाली का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ शांति समझौता नहीं होने की स्थिति में दोबारा सख्त मिलिट्री एक्शन शुरू करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अमेरिका एक पॉजिटिव डील चाहता है, लेकिन अगर कोई ढंग का प्रस्ताव नहीं मिला, तो ईरान के खिलाफ सख्त कदम उठाया जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस चेतावनी के बाद एक बार फिर पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका बन गई है, जिसकी वजह से दुनिया भर के बाजार में डर का माहौल बना हुआ है। इसी डर की वजह से अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 92.74 अंक यानी 1.24 प्रतिशत टूट कर 7,408.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 410.08 अंक यानी 1.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,225.14 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 407.80 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 49,118.37 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 177.56 अंक यानी 1.74 प्रतिशत टूट कर 10,195.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 129.72 अंक यानी 1.63 प्रतिशत फिसल कर 7,952.55 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 505.69 अंक यानी 2.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,950.57 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज लगातार दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में से इकलौता कोस्पी इंडेक्स फिलहाल 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,547.72 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 160 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,548 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,962.54 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज जबरदस्त गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 270.25 यानी 4.02 प्रतिशत लुढ़क कर 6,453.07 अंक के स्तर तक आ गया है।
इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 436.73 अंक यानी 1.68 प्रतिशत टूट कर 25,526 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा ताईवान वेटेड इंडेक्स 501.39 अंक यानी 1.22 प्रतिशत फिसल कर 40,670.97 के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 678.29 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 60,731 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,121.51 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.08 प्रतिशत टूट कर 1,516.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।















