Breaking News

बढ़ते ट्रैफिक जाम के चलते नेपाल में नए सार्वजनिक वाहनों के पंजीकरण पर रोक


विदेश 22 May 2026
post

बढ़ते ट्रैफिक जाम के चलते नेपाल में नए सार्वजनिक वाहनों के पंजीकरण पर रोक

काठमांडू, 22 मई । नेपाल के यातायात व्यवस्था विभाग ने देशभर में सभी सार्वजनिक वाहनों के नए पंजीकरण पर रोक लगा दी है। विभाग ने बढ़ते ट्रैफिक जाम, वायु प्रदूषण और सड़कों पर बढ़ते दबाव को कारण बताते हुए अगली सूचना जारी होने तक सार्वजनिक वाहनों के पंजीकरण पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

विभाग के निदेशक मणि राम भुसाल की ओर से जारी परिपत्र सातों प्रांतों के संबंधित मंत्रालयों भौतिक पूर्वाधार, श्रम तथा यातायात व्यवस्था मंत्रालयों—और देशभर की सभी स्थानीय निकायों को भेजा गया है। जारी पत्र में केवल ईंधन से चलने वाले ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक (विद्युतीय) सार्वजनिक वाहनों के नए पंजीकरण पर भी स्पष्ट रूप से रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।

विभाग ने सार्वजनिक वाहनों के नए पंजीकरण पर रोक लगाने के पीछे कई कारण बताए हैं। परिपत्र के अनुसार सार्वजनिक यातायात का वैज्ञानिक प्रबंधन न हो पाना, अत्यधिक वायु प्रदूषण बढ़ना, वाहनों का दबाव और ट्रैफिक जाम के कारण आवागमन में गंभीर कठिनाइयाँ उत्पन्न होना तथा ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण सार्वजनिक यातायात संचालन में आ रही समस्याएँ इस निर्णय के मुख्य कारण हैं।

विभाग ने बताया कि यह निर्णय वाहन तथा यातायात व्यवस्था ऐन, की धारा 24 की उपधारा (3) द्वारा प्रदत्त अधिकार का प्रयोग करते हुए लिया गया है। उक्त कानून में यह व्यवस्था है कि पर्यावरण प्रदूषण, वाहनों के अत्यधिक दबाव, सड़क की स्थिति या आवागमन में होने वाली कठिनाइयों के कारण सार्वजनिक हित में विभाग किसी एक या सभी कार्यालयों को वाहन पंजीकरण रोकने का आदेश दे सकता है।

इसी कानूनी आधार पर विभाग ने नेपाल सरकार की नीति के अनुरूप सार्वजनिक यातायात का वैज्ञानिक प्रबंधन करने के उद्देश्य से फिलहाल नए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह बंद करने के लिए प्रांतीय मंत्रालयों और स्थानीय तहों के अधीन कार्यालयों को पत्र भेजा है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.