Breaking News

कर्नाटक दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन


देश 24 May 2026
post

कर्नाटक दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन

बेंगलुरु, 24 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कर्नाटक पहुंचे नितिन नवीन का राज्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। शनिवार देर रात बेंगलुरु पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रविवार सुबह नितिन नवीन ने पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के आमंत्रण पर उनके आवास पहुंचकर नाश्ता बैठक में हिस्सा लिया। करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में राज्य में भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों तथा चुनावी तैयारियों को लेकर अनौपचारिक चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इससे पहले आज नितिन नवीन ने बेंगलुरु के प्रसिद्ध काडु मल्लेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और राज्य की समृद्धि एवं भाजपा की संगठनात्मक सफलता की कामना की। मंदिर में दर्शन के दौरान स्थानीय नेताओं और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में नितिन नवीन की अध्यक्षता में कई अहम बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में पार्टी के वर्तमान और पूर्व विधायक, सांसद, विधान परिषद सदस्य और विभिन्न पदाधिकारी शामिल हुए। अलग-अलग सत्रों में नेताओं से संगठन की स्थिति, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर फीडबैक लिया गया।

शाम को होने वाली भाजपा राज्य कोर कमेटी की बैठक को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन विस्तार, आगामी चुनावों की रणनीति, युवा और महिला मोर्चा की सक्रियता तथा कार्यकर्ताओं के समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को और धार देने की तैयारी में जुटा है।

अपने कर्नाटक दौरे को लेकर नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि बी.एस. येदियुरप्पा ने कर्नाटक में भाजपा के विस्तार और संगठन को मजबूत बनाने में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में येदियुरप्पा की 50 वर्षों की लंबी सेवा, जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राजनीतिक अनुभव की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

भाजपा नेताओं का भी मानना है कि नितिन नवीन का यह दौरा राज्य संगठन में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.