Breaking News

कनाडियन ग्रां प्री में किमी एंटोनेली की लगातार चौथी जीत, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड


खेल 25 May 2026
post

कनाडियन ग्रां प्री में किमी एंटोनेली की लगातार चौथी जीत, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 25 मई । मॉन्ट्रियल के ‌सर्किट गिल्स विलेन्यूव में रविवार को आयोजित कनाडियन ग्रां प्री में किमी एंटोनेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की। 19 वर्षीय एंटोनेली ने यह रेस जीतकर इतिहास रच दिया।

मर्सिडीज के ड्राइवर एंटोनेली और उनके टीम साथी जॉर्ज रसेल के बीच रेस के दौरान जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। दोनों कई बार बढ़त बदलते रहे, खासकर 13वें लैप में दोनों के बीच रोमांचक टक्कर रही। हालांकि, 68 लैप की रेस के 30वें लैप में जॉर्ज रसेल की कार के पावर यूनिट में खराबी आ गई, जिससे उन्हें रेस बीच में छोड़नी पड़ी।

एंटोनेली 1952 में अल्बर्टो अस्कारी के बाद लगातार चार रेस जीतने वाले पहले इतालवी ड्राइवर बन गए हैं। इसके साथ ही वह अपने करियर की शुरुआती चारों रेस लगातार जीतने वाले पहले फॉर्मूला-1 ड्राइवर भी बन गए हैं।

रेस जीतने के बाद एंटोनेली ने कहा, “मैं इस तरह जीतना नहीं चाहता था। जॉर्ज के साथ शानदार मुकाबला चल रहा था, लेकिन जीत तो जीत होती है।”

एंटोनेली ने 1 घंटा 28 मिनट 15 सेकंड में रेस पूरी की और फेरारी के लुईस हैमिल्टन को लगभग 11 सेकंड से पीछे छोड़ दिया। रेड बुल के मैक्स वर्स्टैपेन तीसरे स्थान पर रहे।

अब तक इस सीजन की पांचों ग्रां प्री रेस मर्सिडीज ने जीती हैं। ड्राइवर्स चैंपियनशिप में एंटोनेली 131 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि जॉर्ज रसेल 88 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

अपनी कार में आई खराबी पर रसेल ने निराशा जताते हुए कहा, “अचानक सब कुछ बंद हो गया। इंजन रुक गया, इलेक्ट्रॉनिक्स काम नहीं कर रहे थे और ब्रेकिंग भी सही नहीं थी। यह बेहद निराशाजनक है।”

कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप में मर्सिडीज 219 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। फेरारी 147 अंकों के साथ दूसरे और मैकलारेन 106 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.