दुर्ग। जिले में अब उन निजी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिन पर अवैध रूप से ‘पुलिस’ लिखा हुआ है। यातायात विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर टाइगर मोबाइल, हाईवे पेट्रोलिंग और ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को ऐसे वाहनों की लगातार जांच करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश उप पुलिस अधीक्षक यातायात, दुर्ग कार्यालय की ओर से जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि कई लोग अपनी निजी गाड़ियों के आगे-पीछे या अंदर ‘पुलिस’ लिखी प्लेट लगाकर घूमते हैं। इससे आम लोगों में गलत संदेश जाता है और कई बार इसका दुरुपयोग भी किया जाता है।
ऐसे मामलों को अपराध की श्रेणी में माना गया है। यातायात विभाग ने साफ कहा है कि शहर में चलने वाले ऐसे सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। अगर कोई निजी वाहन ‘पुलिस’ लिखकर उपयोग करते हुए पाया जाता है तो वाहन को जब्त किया जाएगा और संबंधित थाने के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि टैंगों मोबाइल टीम, हाईवे पेट्रोलिंग और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान विशेष नजर रखें। सड़क पर संदिग्ध तरीके से चलने वाली या पुलिस लिखी निजी गाड़ियों को रोककर दस्तावेजों की जांच की जाए। अगर वाहन निजी निकला और उस पर अवैध रूप से पुलिस लिखा मिला तो तुरंत कार्रवाई की जाए।















