स्पोर्ट्स: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के क्वालिफायर-1 से पहले एक मुश्किल फैसला लेना पड़ रहा है, क्योंकि टीम के नियमित ओपनर फिल सॉल्ट की फिटनेस को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले टीम मैनेजमेंट उनकी उपलब्धता पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाया है। जानकारी के अनुसार, इंग्लैंड के यह बल्लेबाज चोट के चलते पहले ही कुछ समय के लिए देश लौट चुके थे और अब दोबारा भारत लौट आए हैं, लेकिन अभी भी पूरी तरह फिट नहीं माने जा रहे हैं। सॉल्ट ने इस सीजन में केवल शुरुआती छह मैच ही खेले थे, जिसके बाद वह लीग स्टेज से बाहर हो गए थे। RCB के लिए मुश्किल यह भी बढ़ गई है कि सॉल्ट की जगह शामिल किए गए जैकब बेथेल भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
ऐसे में टीम के पास ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर सीमित विकल्प बचे हैं। मैच से एक दिन पहले RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि फिल सॉल्ट अभी भी मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं और टीम ने अभी तक अपनी प्लेइंग इलेवन तय नहीं की है। उन्होंने बताया कि अंतिम निर्णय पिच और परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा। धर्मशाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाटीदार ने कहा, “वह फिट हैं, लेकिन अभी भी ऑब्जर्वेशन में हैं। हमने अभी अपनी प्लेइंग XI तय नहीं की है। हम विकेट देखकर ही अंतिम फैसला करेंगे।” टीम में ओपनिंग को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वेंकटेश अय्यर एक बार फिर इस भूमिका में उतरेंगे।
जैकब बेथेल की गैरमौजूदगी में वेंकटेश ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विराट कोहली के साथ ओपनिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था और सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन बनाए थे। मूल रूप से मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रहे वेंकटेश अय्यर को RCB ने इस सीजन में फ्लोटिंग विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया है, और उन्होंने ओपनिंग में भी अपनी उपयोगिता साबित की है। अब क्वालिफायर-1 जैसे अहम मुकाबले से पहले RCB के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह तय करना है कि चोटिल खिलाड़ियों के बीच टीम संयोजन को कैसे संतुलित किया जाए। यह फैसला मैच के नतीजे पर भी बड़ा असर डाल सकता है।















