Breaking News

मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जियो की सबसे तेज डाउनलोड स्पीड, बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर : ट्राई


देश 24 June 2026
post

मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जियो की सबसे तेज डाउनलोड स्पीड, बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर : ट्राई

नई दिल्ली, 24 जून। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान के मनोहरपुर से दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-148) पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) की रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, डेटा डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो सबसे आगे रही, जबकि बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया।

ट्राई ने बताया कि यह ड्राइव टेस्ट 2 मई को राजस्थान लाइसेंस सेवा क्षेत्र (एलएसए) में मनोहरपुर से दौसा के बीच 62.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर किया गया। परीक्षण का उद्देश्य विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई जा रही वॉयस और डेटा सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।

रिपोर्ट के अनुसार, औसत डेटा डाउनलोड स्पीड रिलायंस जियो के लिए 247.01 एमबीपीएस दर्ज की गई, जबकि एयरटेल की 102.80 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया (वीआई) की 35.97 एमबीपीएस और बीएसएनएल की मात्र 3.99 एमबीपीएस रही।

डेटा अपलोड स्पीड में एयरटेल 20.93 एमबीपीएस के साथ सबसे आगे रही। जियो की अपलोड स्पीड 19.14 एमबीपीएस, वीआई की 17.25 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 1.88 एमबीपीएस दर्ज की गई।

कवरेज गैप के मामले में बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया। परीक्षण के दौरान बीएसएनएल के 2,213 नमूनों में सिग्नल निर्धारित न्यूनतम स्तर से नीचे पाया गया, जबकि एयरटेल के 217, जियो के 189 और वीआई के 420 नमूनों में ऐसा पाया गया।

ड्रॉप कॉल के मामले में एयरटेल का प्रदर्शन बेहतर रहा और उसके नेटवर्क पर कोई कॉल ड्रॉप नहीं हुई। जियो पर एक, वीआई पर दो और बीएसएनएल पर छह कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।

ट्राई के अनुसार, ड्राइव टेस्ट मार्ग लाखेर, नेकवाला, चिलपाली मोड़, बहलोर, रईसार, पावटा, संकोटरा, आंधी, रामजीपुरा और झेरा क्षेत्रों से होकर गुजरा। परीक्षण के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के लिए भेज दिए गए हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.