प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (FTA) दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। उन्होंने न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उनकी सरकार को कम समय में इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि एफटीए और रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात ऑकलैंड में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
40 साल बाद यात्रा से संबंधों को मिली नई ऊर्जा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चार दशकों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूज़ीलैंड यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड में मिले आत्मीय स्वागत ने इस दौरे को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और न्यूज़ीलैंड की साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एफटीए को बताया रिश्तों का नया अध्याय
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में संपन्न भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत आए थे, तभी एफटीए की प्रक्रिया शुरू हुई थी और कम समय में इसे सफलतापूर्वक अंतिम रूप देना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री लक्सन, उनकी सरकार और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
रणनीतिक साझेदारी से बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष होली के अवसर पर प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों में नए रंग भरे थे। उन्होंने कहा कि अब भारत और न्यूज़ीलैंड अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं, जिससे भविष्य में सहयोग को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता के लिए साथ मिलकर करेंगे काम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड साझा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले स्वाभाविक साझेदार हैं। समुद्री देशों के रूप में दोनों का सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश वैश्विक शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उद्योग जगत और भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक विशाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर न्यूज़ीलैंड पहुंचे थे। अप्रैल में एफटीए पर हस्ताक्षर के बाद यह यात्रा व्यापार, निवेश और व्यापक द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।















