दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के संगठन-आसियान के विदेश मंत्रियों ने कल थाईलैंड के बैंकॉक में म्यांमा के विदेश मंत्री के साथ एक अनौपचारिक बैठक की। इस बैठक में हिरासत में ली गई म्यांमा की पूर्व राजकीय सलाहकार आंग सान सू की की स्थिति और क्षेत्रीय शांति योजना के कार्यान्वयन पर चर्चा हुई। फरवरी 2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद आसियान के विदेश मंत्रियों और म्यांमा के प्रतिनिधि के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी।
बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फिलीपींस की विदेश मामलों की अवर सचिव मारिया थेरेसा लाजारो ने म्यांमा के विदेश मंत्री टिन माउंग स्वे के बयान साझा किए। लाजारो ने बताया कि मंत्री टिन माउंग स्वे ने आसियान को आश्वासन दिया कि आंग सान सू की स्वस्थ हैं।
सू की को 2021 के तख्तापलट के दौरान सत्ता से हटा दिया गया था और बाद में उन्हें उकसाने, भ्रष्टाचार, चुनावी धोखाधड़ी और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के उल्लंघन सहित कई आरोपों में 27 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उनके सहयोगियों का कहना है कि उन पर लगे आरोप पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं और उनका मकसद उनकी राजनीतिक गतिविधियों को रोकना है। सू की ने खुद इन आरोपों का खंडन किया है।





.jpg)









