Breaking News

अमेरिका-ईरान के हमलों से धधक उठा होर्मुज, भारतीय नागरिक की मौत


विदेश 14 July 2026
post

अमेरिका-ईरान के हमलों से धधक उठा होर्मुज, भारतीय नागरिक की मौत

तेहरान/वाशिंगटन, 14 जुलाई । अमेरिका ने लगातार तीसरी रात ईरान के बंदरगाह शहरों और अन्य स्थानों पर जोरदार हमले किए हैं। अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर सेना ने एक साथ ईरान के कई शहरों को निशाना बनाया। अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो टैंकरों पर मिसाइल से हमला कर दिया। इस हमले में क्रू मेंबर भारतीय नागरिक की मौत हो गई। यूएई रक्षा मंत्रालय ने ईरानी मिसाइलों से कई गए हमले में भारतीय नागरिक के मारे जाने की पुष्टि की है।

सीएनएन और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, सेंटकॉम ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ईरान पर किए गए ताजा हमले से बंदर अब्बास बंदरगाह शहर, किश, केशम और अबू मूसा द्वीपों पर जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। ईरान ने इसकी पुष्टि की है। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरानी मिसाइलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान के समुद्री इलाके में उसके दो टैंकरों पर हमला किया। हमले में एक क्रू मेंबर की मौत हो गई। हताहत क्रू मेंबर भारतीय नागरिक है। मंत्रालय ने कहा कि ईरान के हमले में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें छह भारतीय नागरिक और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसे जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है।

सेंटकॉम ने घोषणा की है कि वह मंगलवार शाम चार बजे (पूर्वी समय) से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले जहाजों की नौसैनिक नाकाबंदी फिर से शुरू करेगा। इस खबर के बाद दुनिया भर में तेल की कीमतों में नौ प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। अमेरिका और ईरान के बीच शुरू ताजा सैन्य टकराव से क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है। सऊदी अरब और यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच फिर से हमले शुरू हो गए हैं। इससे ऐसा लग रहा है कि अनौपचारिक युद्धविराम खत्म हो गया है। सऊदी अरब ने कहा कि उसने हूती बैलिस्टिक मिसाइल को रोका, जबकि हूतियों ने कहा कि सऊदी हवाई हमलों में सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निशाना बनाया गया।

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में मंगलवार सुबह कम से कम एक दर्जन अमेरिकी सैन्य विमान यूएई के तट के पास फारस की खाड़ी, ओमान की खाड़ी और सऊदी अरब के ऊपर चक्कर लगाते हुए देखे गए। इसी समय सेंटकॉम ने लगातार तीसरी रात ईरान पर हमलों की एक और लहर की घोषणा की। पूर्वी समयानुसार रात 8:00 बजे (ईरान के समय के अनुसार सुबह 3:30 बजे) तक हवा में मौजूद विमानों में नौ केसी-135आर और दो केसी-46ए रीफ्यूलिंग टैंकर शामिल थे। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में कई खुफिया और निगरानी विमान भी दिखे। इनमें एक ई3-बी सेंट्री एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम प्लेन और अमेरिकी नौसेना का पोसीडॉन पी-8 समुद्री निगरानी विमान शामिल था।

ई3-बी 120,000 वर्ग मील के युद्ध क्षेत्र की हवाई निगरानी करने में सक्षम है। यह एक बार में लगभग 600 लक्ष्यों को वेध सकता है । रीफ्यूलिंग विमान लंबे समय तक चलने वाले ऑपरेशन के दौरान फाइटर जेट और अन्य हमलावर विमानों को हवा में बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होते हैं, क्योंकि इनकी मदद से विमानों को बिना जमीन पर उतरे ईंधन भरने की सुविधा मिलती है। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने कंजर्वेटिव रेडियो के साथ साक्षात्कार में कहा, "हम आज रात उन पर जोरदार हमला करने जा रहे हैं और कल भी उन पर जोरदार हमला करेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान ने समझौते का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि अंततः होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का नियंत्रण होगा।

ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष में अमेरिका जिन देशों की मदद कर रहा है, उन्हें खर्च चुकाना चाहिए। उन्होंने इस क्षेत्र में कई सहयोगी देशों का नाम लिया, जिनमें इजराइल, सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। ईरानी मीडिया की मंगलवार सुबह (स्थानीय समय) की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के साथ-साथ किश, केशम और अबू मूसा द्वीपों पर भी धमाकों की आवाज सुनी गई। ईरानी सेना ने कहा कि अमेरिका ने ड्रोन हमले किए।

You might also like!