Breaking News

रायपुर : विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह 18 जुलाई तक

post

रायपुर : विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह 18 जुलाई तक

रायपुर 14 जुलाई । महिलाओं एवं किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।

इस हेतु जिलों द्वारा समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के टीकाकरण केन्द्रों में व्यापक तैयारियां की गई है | इस विशेष अभियान के दौरान राज्य की सभी पात्र बालिकाओं तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीके की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान के सफल संचालन हेतु सभी जिलों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा समुदाय स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। समाचार पत्रों, पम्पलेटों, सोशल मीडिया तथा अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार माध्यमों के जरिए लोगों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।

उप संचालक एवं राज्य टीकाकरण अधिकारी, डॉ. वी. आर. भगत ने आज मंगलवार काे बताया कि- “एचपीवी टीकाकरण महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम का एक प्रभावी और सुरक्षित उपाय है और यही एक वैक्सीन है जो कैंसर जैसे घातक बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है । यह केवल एक टीका नहीं, बल्कि हमारी बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य में किया गया निवेश है।

विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

डॉ. भगत ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। हमें विश्वास है कि स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा अभिभावकों के सहयोग से हम शत-प्रतिशत कवरेज के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।

डॉ. भगत ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पात्र बेटियों को एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं तथा समाज में इसके संबंध में सकारात्मक संदेश प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम संभव है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा अभियान की सतत निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी तथा सभी जिलों को अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।

You might also like!