Breaking News

करोड़ों की सोलर सिंचाई योजना ठप, 65 किसान फिर बारिश के भरोसे


शहर 18 July 2026
post

करोड़ों की सोलर सिंचाई योजना ठप, 65 किसान फिर बारिश के भरोसे

दंतेवाड़ा जिले के बालूद गांव में करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सोलर सिंचाई परियोजना पिछले एक वर्ष से बंद पड़ी है। करीब 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना के ठप होने से 65 किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और वे एक बार फिर बारिश पर निर्भर होने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, बाढ़ के दौरान परियोजना का पंप हाउस क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप खरीफ सीजन में किसानों को सिंचाई सुविधा नहीं मिल रही है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर मरम्मत कर दी जाती तो उनकी फसल प्रभावित नहीं होती।

बताया जा रहा है कि दंतेवाड़ा जिले में स्थापित करोड़ों रुपये की अन्य सोलर सिंचाई परियोजनाएं भी तकनीकी खराबियों से जूझ रही हैं। सबसे बड़ी समस्या रखरखाव के लिए प्रशिक्षित तकनीशियनों की कमी बताई जा रही है, जिसके कारण खराब उपकरणों की समय पर मरम्मत नहीं हो पा रही है।

कम बारिश की आशंका के बीच सिंचाई व्यवस्था ठप होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को परियोजना की जल्द मरम्मत कराने और योजना को फिर से चालू करने के निर्देश देने की बात कही है।

किसानों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि उनका लाभ खेतों तक नहीं पहुंचता, तो इसका उद्देश्य अधूरा रह जाता है। अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई और योजना के शीघ्र संचालन पर टिकी हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.