धमतरी, 18 जुलाई । धमतरी जिले के लिए गर्व और खुशी का क्षण तब आया, जब समाज कल्याण विभाग से अनुदानित सार्थक स्कूल के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप ने स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले, प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित प्रतियोगिता के स्पेशल ओलंपिक्स ट्रॉफी वर्ग में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान के मुकाबले में फिनलैंड को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सत्यांशु दीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज शनिवार काे सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि किसी विशेष खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि सत्यांशु ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से विशेष बच्चे भी विश्व मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि शासन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ समावेशी विकास की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्यांशु भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में धमतरी, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे। कलेक्टर ने इस सफलता पर सत्यांशु दीप, उनके माता-पिता, परिवार, प्रशिक्षकों, सार्थक स्कूल, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ तथा भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों तथा दिव्यांग बच्चों के लिए नई प्रेरणा बनेगी।
उप संचालक, समाज कल्याण विभाग डॉ. मनीषा पांडे ने भी सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले और प्रदेश के विशेष बच्चों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन, सार्थक स्कूल के नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों की मेहनत और परिवार के सहयोग को दिया।
पहले भी जीत चुके हैं राष्ट्रीय पदक
सत्यांशु दीप इससे पहले रोहतक (हरियाणा) में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश के 23 राज्यों के 500 से अधिक खिलाड़ियों के बीच लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीत चुके हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में चयन हुआ और अब उन्होंने स्वीडन में कांस्य पदक जीतकर धमतरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
Breaking News
- कॉटन विश्वविद्यालय में परंपरा से परिवर्तन विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित
- शकुंतला फाउंडेशन ने 101 चिकित्सकों को सम्मानित किया
- भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, जल्द ही वैश्विक विकास में इसका छठा हिस्सा होगा: सीतारमण
- 43 की उम्र तीसरी बार बनने जा रही The Odyssey एक्ट्रेस, प्रेग्नेंसी में किया 5 फिल्मों का प्रमोशन, हेलीकॉप्टर में आती थीं काम पर
- भटगांव माध्यमिक शाला में गायत्री परिवार का वृक्ष गंगा अभियान, 50 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प
- दिव्यांगता पर प्रतिभा की जीत: धमतरी के सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में दिलाया भारत को कांस्य पदक
- करोड़ों की सोलर सिंचाई योजना ठप, 65 किसान फिर बारिश के भरोसे
- रिकेश ने विधानसभा में उठाया राशन वितरण में गड़बड़ी का मुद्दा
- केंद्र सरकार ने शुरू की डाक विभाग के आधिकारिक शुभंकर बनाने के लिए प्रतियोगिता
- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 900 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा, पुल अंतिम चरण में
दिव्यांगता पर प्रतिभा की जीत: धमतरी के सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में दिलाया भारत को कांस्य पदक















