Breaking News

भटगांव माध्यमिक शाला में गायत्री परिवार का वृक्ष गंगा अभियान, 50 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प

post

भटगांव माध्यमिक शाला में गायत्री परिवार का वृक्ष गंगा अभियान, 50 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प

धमतरी, 18 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से गायत्री परिवार द्वारा संचालित वृक्ष गंगा अभियान के तहत शनिवार को माध्यमिक शाला भटगांव परिसर में 50 पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

अभियान के अंतर्गत अशोक, नीम, गुलमोहर, करंज और आंवला जैसे पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक दिलीप नाग ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती माता का श्रृंगार हैं और प्रदूषण मुक्त जीवन के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके बाद गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, शाला के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।

शाला के शिक्षक टी.आर. साहू ने सभी उपस्थित लोगों और विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सेवानिवृत्ति से पूर्व समाजहित में पुण्य कार्य के रूप में संकुल समन्वयक एवं गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन गोविंद मीनपाल ने पूरे वृक्षारोपण अभियान की व्यवस्था और व्यय स्वयं वहन किया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वृक्षारोपण अभियान में जिला समन्वयक दिलीप नाग, राजकुमार साहू, एल.के. यादव, कौशल साहू, गोविंद मीनपाल, हेमसिंह कंवर, भटगांव के सरपंच फागूराम साहू, दुष्यंत साहू, टी.आर. सिन्हा, प्रधान पाठक रीना देवांगन, टी.आर. साहू, राकेश सोनबेर, लीना मंडावी, भारती यादव, कोमल पदमवार सहित शाला स्टाफ और सभी छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश देते हुए सामुदायिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.