दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-7 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में 1007.51 क्विंटल चावल की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में भारी मात्रा में चावल का स्टॉक गायब मिलने के बाद भिलाईनगर पुलिस ने राशन दुकान के संचालक एवं अध्यक्ष धनंजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि कलेक्टर (खाद्य शाखा) के निर्देश पर खाद्य निरीक्षक ने 22 जुलाई को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में शासकीय उचित मूल्य दुकान, सेक्टर-7 मार्केट (दुकान आईडी-431004118) के अध्यक्ष धनंजय सिंह राजपूत और विक्रेता नमिता सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
जांच समिति ने दुकान के अभिलेखों, उपलब्ध स्टॉक और ऑनलाइन रिकॉर्ड का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान वितरण पंजी, चावल उत्सव पंजी, बैठक पंजी और बारदाना पंजी तो मिले, लेकिन स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं थी। अध्यक्ष ने बताया कि स्टॉक पंजी विक्रेता के पास है।
भौतिक सत्यापन में दुकान में केवल 26.50 क्विंटल चावल मौजूद मिला, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार 1034.01 क्विंटल चावल उपलब्ध होना चाहिए था। इस तरह 1007.51 क्विंटल अरवा चावल की कमी पाई गई। पूछताछ के दौरान अध्यक्ष इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
खाद्य विभाग की शिकायत के आधार पर भिलाईनगर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दस्तावेजों की जांच और साक्ष्य एकत्र करने के बाद पुलिस ने आरोपी संचालक धनंजय सिंह राजपूत (63) को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।















