ज्यादातर घरों में तुरई की सब्जी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन स्वाद के मामले में कई लोग इसे पसंद नहीं करते। खासतौर पर बच्चे तुरई की सब्जी देखते ही मुंह बनाने लगते हैं। अगर आपके घर में भी यही समस्या है तो आप तुरई की एक ऐसी चटनी बनाकर देख सकते हैं, जो स्वाद में बेहद लाजवाब होने के साथ-साथ पौष्टिक भी है।
तुरई की चटनी का स्वाद चटपटा और हल्का स्मोकी होता है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। खास बात यह है कि इस चटनी को रोटी, पराठे, चावल या किसी भी साधारण खाने के साथ परोसा जा सकता है।
तुरई में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा यह हल्की और आसानी से पचने वाली सब्जी मानी जाती है। ऐसे में तुरई की चटनी बच्चों की डाइट में हेल्दी फूड शामिल करने का एक आसान तरीका हो सकती है।
तुरई की चटनी बनाने के लिए सामग्री
स्वादिष्ट और चटपटी तुरई की चटनी बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए मोटी तुरई 2-3, टमाटर 2, एक पूरा लहसुन, हरी मिर्च 3-4, ताजा हरा धनिया, साबुत सूखी लाल मिर्च 2-3, जीरा 1 चम्मच, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार नींबू का रस चाहिए होगा।
ऐसे तैयार करें तुरई की चटनी
सबसे पहले तुरई को अच्छी तरह धोकर छील लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च को भी तैयार कर लें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालकर भूनें। इसके बाद इसमें तुरई के टुकड़े, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च डालकर अच्छे से भून लें। सभी सामग्री को तब तक पकाएं जब तक तुरई नरम न हो जाए और इसमें हल्का भुना हुआ स्वाद न आ जाए। अगर आप चटनी में ज्यादा स्मोकी फ्लेवर चाहते हैं तो सामग्री को अच्छी तरह भूनना जरूरी है।
जब सभी चीजें पक जाएं तो गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। अब इसमें सूखी लाल मिर्च, हरा धनिया और नमक डालकर मिक्स करें। इसके बाद इसे सिलबट्टे या मिक्सर की मदद से पीस लें। अंत में स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस मिला सकते हैं।
स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान
तुरई की यह चटनी न सिर्फ स्वाद में अलग है, बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी इसे पौष्टिक बनाती है। लहसुन, हरी मिर्च, धनिया और टमाटर इसके स्वाद के साथ-साथ पोषण को भी बढ़ाते हैं। अगर घर के बच्चे तुरई की सब्जी खाने से बचते हैं तो यह चटनी उनके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इसका चटपटा स्वाद और अलग अंदाज उन्हें पसंद आ सकता है। अगली बार जब घर में तुरई आए तो साधारण सब्जी की जगह यह स्वादिष्ट चटनी जरूर ट्राई करें















