Breaking News

आत्मा से प्रेम ही ईश्वर प्राप्ति का श्रेष्ठ मार्ग, ब्रह्माकुमारी ज्योति ने विद्यार्थियों को सिखाए नैतिक मूल्य और ध्यान के सूत्र

post

आत्मा से प्रेम ही ईश्वर प्राप्ति का श्रेष्ठ मार्ग, ब्रह्माकुमारी ज्योति ने विद्यार्थियों को सिखाए नैतिक मूल्य और ध्यान के सूत्र

कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में बुधवार को विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी माउंट आबू, पानीपत (हरियाणा) से पहुंचीं ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्य, कर्तव्य, अध्यात्म और ध्यान के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में शिक्षा संकाय के सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने कहा कि आत्मा से प्रेम करना ही ईश्वर की प्राप्ति का उत्तम साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और कठिन परिस्थितियों का धैर्य व मुस्कुराहट के साथ सामना करने की सीख दी।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन से जुड़े नैतिक मूल्यों और समस्याओं के सरल समाधान के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को कभी किसी का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए और नकारात्मक विचारों को जीवन से दूर रखते हुए अपनी कमजोरियों को ही अपनी ताकत बनाना चाहिए।

ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान से मन को संतुलित रखा जा सकता है और व्यक्ति अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, धैर्य और आध्यात्मिक दृष्टिकोण के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नैतिक मूल्यों और जीवन प्रबंधन से जुड़े विषयों को समझा। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी कोरबा शाखा से बहन रमा कर्मकार, कमल कर्मकार सहित शिक्षा संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. अंजू खेस्स, राकेश गौतम, नितेश कुमार यादव, शंकर लाल यादव, कुणाल दास गुप्ता और बीएड प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.