Breaking News

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

post

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने अंबेडकर चौक, पावर हाउस में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर तोड़कर और बिजली बिल जलाकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली, जब पुलिस ने स्मार्ट मीटर तोड़ने और बिजली बिल जलाने से रोकने का प्रयास किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ दर्जनभर से अधिक स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल लेकर पहुंचे थे। विरोध स्वरूप उन्होंने स्मार्ट मीटर जमीन पर पटककर तोड़ दिए और बिजली बिलों में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और उपभोक्ताओं पर कथित रूप से जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद करने की मांग की।

बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे आम और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। 

प्रदर्शन में निगम सभापति गिरवर बंटी साहू, नीता लोधी, बृजमोहन सिंह, नरसिंह नाथ, डी. कामराजू, शमशेर सिद्दीकी, अली हुसैन सिद्दीकी, अमृत पाल सिंह, गोविंद कोसले, मनीष शुक्ला सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like!