Breaking News

सीडब्ल्यूजी 2026: मेंस जैवलिन थ्रो में भारत का डबल धमाल, नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, यशवीर सिंह के नाम ब्रॉन्ज


खेल 01 August 2026
post

सीडब्ल्यूजी 2026: मेंस जैवलिन थ्रो में भारत का डबल धमाल, नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, यशवीर सिंह के नाम ब्रॉन्ज

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में 85.41 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराज ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

नीरज ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया

नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में 80.97 मीटर का थ्रो किया। दूसरे प्रयास में उन्होंने 85.83 मीटर की दूरी तय कर सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके बाद तीसरे और चौथे प्रयास में उन्होंने क्रमशः 81.29 मीटर और 80.73 मीटर का थ्रो किया। हालांकि, श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिराज 89.75 मीटर के शानदार थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे।

यशवीर का आखिरी थ्रो बना गेम चेंजर

यशवीर सिंह ने दूसरे प्रयास में 78.55 मीटर और तीसरे प्रयास में 81.33 मीटर का थ्रो किया। पांचवें प्रयास में उन्होंने 76.95 मीटर की दूरी तय की, लेकिन अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का थ्रो कर न सिर्फ ब्रॉन्ज मेडल जीता, बल्कि अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ (पर्सनल बेस्ट) प्रदर्शन भी दर्ज किया।

रोहित यादव सातवें स्थान पर रहे

भारतीय खिलाड़ी रोहित यादव ने 81.56 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ प्रतियोगिता में सातवां स्थान हासिल किया। उन्होंने पहले प्रयास में 77.50 मीटर, दूसरे प्रयास में 81.56 मीटर, चौथे प्रयास में 73.70 मीटर और छठे प्रयास में 79.55 मीटर की दूरी तय की।

भारत के अब 23 पदक

इन दो पदकों के साथ भारत के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कुल 23 पदक हो गए हैं। इनमें 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज शामिल हैं। एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में भारत अब तक 11 पदक जीत चुका है। इसके अलावा जूडो में 3 (2 गोल्ड), वेटलिफ्टिंग में 8 और पैरा पावरलिफ्टिंग में 1 ब्रॉन्ज मेडल भारत के खाते में आया है। भारत फिलहाल पदक तालिका में 10वें स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 128 पदकों (55 गोल्ड, 30 सिल्वर, 43 ब्रॉन्ज) के साथ शीर्ष पर, इंग्लैंड 80 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 53 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। 

You might also like!