Breaking News

अश्मिता चालीहा ने कोरिया मास्टर्स अपने नाम किया, पहली बार जीता बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब


खेल 09 August 2026
post

अश्मिता चालीहा ने कोरिया मास्टर्स अपने नाम किया, पहली बार जीता बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब

सियोल, 09 अगस्त । भारत की अश्मिता चालीहा ने रविवार को शानदार वापसी करते हुए चीन की हान कियान शी को हराकर बीडब्ल्यूएफ कोरिया मास्टर्स 2026 का महिला एकल खिताब जीत लिया है।

यह अश्मिता का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है।

26 वर्षीय गुवाहाटी की अश्मिता ने चौथी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी के खिलाफ पहला गेम 14-21 से गंवाने के बाद जोरदार वापसी की और अगले दोनों गेम 21-14, 21-14 से जीतकर 53 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

निर्णायक गेम में अश्मिता एक समय 9-11 से पीछे चल रही थीं, लेकिन कोर्ट के दूसरे छोर से मिल रही अनुकूल ड्रिफ्ट का उन्होंने शानदार फायदा उठाया। उन्होंने इसके बाद बचे 15 में से 12 अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मई में तीन महीने की चोट के बाद वापसी करने वाली विश्व की 50वें नंबर की अश्मिता ने बीडब्ल्यूएफ टूर पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। वापसी के बाद अपने पहले दो टूर्नामेंटों में उन्होंने चाइना मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।

इस खिताबी जीत से पहले उनके लिए इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जून में मकाऊ ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंचना था, जहां उन्हें दक्षिण कोरिया की उपविजेता पार्क गा-उन से हार मिली थी।

राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, गुवाहाटी में पार्क ताए-सांग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने वाली अश्मिता ने कोरिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की हिना अकेची को हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी हमवतन रक्षिता रामराज को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।

कोरिया मास्टर्स का खिताब भारत के लिए लगातार दूसरा महिला एकल बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब है। पिछले सप्ताह तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन का खिताब जीता था।

अश्मिता और तन्वी अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने महिला एकल में बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब जीता है। इस सूची में साइना नेहवाल, पी.वी. सिंधु और देविका सिहाग भी शामिल हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.