Breaking News

ट्रेजर आइलैंड मॉल भिलाई में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


शहर 17 August 2026
post

ट्रेजर आइलैंड मॉल भिलाई में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दुर्ग: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में दुर्ग पुलिस द्वारा “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से आज ट्रेजर आइलैंड मॉल, भिलाई में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 1500 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र देव पटेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में साइबर क्राइम प्रभारी डॉ. संकल्प राय द्वारा साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूकता संदेश दिया गया।
आयोजन ग्रेसी म्यूजिक अकादमी के सहयोग से किया गया, जिसमें नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से साइबर अपराध एवं नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। यातायात सुरक्षा पर संदेश:- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र देव पटेल ने उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने वाहन चलाते समय जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार अपनाने तथा स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नाबालिक को वाहन चालाने ना देने, नो पार्किंग में, सड़क में वाहन खड़ा ना करने समझाईश दिया गया।


कार्यक्रम में यातायात जोन प्रभारी निरिक्षक GR ओगरे, स्मृतिनगर चौकी प्रभारी अमित अंदानी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एक्स-आर्मी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जन-जागरूकता के प्रभावी मंच में परिवर्तित कर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं सुरक्षित यातायात को लेकर नागरिकों को सजग एवं जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना दें तथा नशे से संबंधित सहायता के लिए 1933 हेल्पलाइन का उपयोग करें।


You might also like!