केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आईएसआई समर्थित आतंकी समूह शहजाद भट्टी नेटवर्क का खात्मा कर दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 200 से अधिक सदस्यों की गिरफ्तारी करके इसके विध्वंसक हमलों की योजनाओं को भी विफल कर दिया।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में विभिन्न स्थानों पर समन्वित अभियान चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया और आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहिष्णुता की नीति का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने रेखांकित किया कि आईएसआई द्वारा वित्तपोषित इस समूह से महत्वपूर्ण मात्रा में सामग्री बरामद की गई है, जिनमें आईईडी, पाकिस्तान आयुध कारखाना चिह्न वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं। शाह ने आगे कहा कि यह नेटवर्क कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था।
गृह मंत्रालय के अनुसार, शाहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित आतंकी गिरोह है, जो भारत भर में ग्रेनेड, आईईडी और पेट्रोल बम हमलों तथा लक्षित हत्याओं से जुड़ा हुआ है। यह गिरोह जासूसी के लिए पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थानीय एजेंटों को रिश्वत भी दे रहा है।















