Breaking News

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ईरान और अमेरिका के बीच फिर से बातचीत शुरू करने का किया आग्रह


विदेश 18 August 2026
post

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ईरान और अमेरिका के बीच फिर से बातचीत शुरू करने का किया आग्रह

संयुक्त राष्ट्र की ओर से ईरान और अमेरिका के बीच फिर से बातचीत शुरू करने का आग्रह किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता की ओर से बताया गया कि यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ईरान और अमेरिका से इस विवाद के स्थायी समाधान के लिए बातचीत फिर से शुरू करने का आह्वान किया गया है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को ईरान-अमेरिका के बीच 17 जून को हुए समझौते (एमओयू) के तहत बातचीत के जरिए अंतिम डील के लिए तय 60 दिन की समय-सीमा खत्म होने पर, यूएन प्रमुख के संदेश के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि गुटेरेस चाहते हैं कि बातचीत फिर से शुरू हो।

डुजारिक ने कहा, “उनका संदेश वही है जो वे शुरू से देते आ रहे हैं कि इस विवाद का कोई सैन्य समाधान नहीं है। उन्होंने ईरान और अमेरिका से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान के लिए बातचीत फिर से शुरू करें, ताकि सैन्य कार्रवाई से बचा जा सके और हाल के दिनों में सुनी जा रही तीखी बयानबाजी को भी कम किया जा सके।”

समझौते में, अमेरिका और ईरान ने “अधिकतम 60 दिनों में बातचीत करके अंतिम डील तक पहुंचने” का वादा किया था, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता था। इस बीच, दोनों पक्षों के बीच बातचीत की 60 दिन की अवधि खत्म होने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तेहरान वाशिंगटन के साथ समझौता तो करना चाहता है, लेकिन वे उस तरह की डील स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं जिसे वे जरूरी मानते हैं।

ट्रंप ने सोमवार (अमेरिकी स्थानीय समय) को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, “वे डील करना चाहते हैं, लेकिन वे उस तरह की डील नहीं करेंगे जिसे मैं जरूरी मानता हूं।” ट्रंप ने बातचीत की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना वाशिंगटन का मकसद बना हुआ है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “आप समझते हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते, और उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। यह बहुत सरल है। वे परमाणु युद्ध नहीं कर सकते।” ट्रंप की ओर से यह भी दावा किया गया कि सभी ईरानी बंदरगाहों के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी के जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका का “पूरा नियंत्रण” है, और उन्होंने बार-बार इसे अमेरिका का इलाका बनाने की बात कही।

ट्रंप ने कहा, “हम नाकेबंदी के जरिए इसे (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) नियंत्रित करते हैं। और मुझे इसे अपना इलाका घोषित करने का विचार पसंद है। अब स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण है।” ओमान को लेकर अपनी पिछली चेतावनी के बारे में (जिसके बारे में कहा जा रहा है कि वह ईरान के साथ मिलकर जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को खोलने और जलमार्ग को दोनों देशों के नियंत्रण में रखने की योजना पर काम कर रहा है) ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि उनका व्यवहार बहुत अच्छा रहा, लेकिन हम उनसे बहुत आसानी से निपट लेंगे, ठीक वैसे ही जैसे हम दूसरों से निपटते हैं।”

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.