Breaking News

ED की दुर्ग में बड़ी कार्रवाई


शहर 20 August 2026
post

ED की दुर्ग में बड़ी कार्रवाई

दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी। ED की टीम ने शहर के प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर जांच शुरू की है। कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार, ED की टीम सुबह दुर्ग के जैन गली स्थित सजल जैन के निवास पर पहुंची। टीम करीब तीन वाहनों में सवार होकर पहुंची थी, जिसमें 12 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की भी तैनाती की गई है।

ED अधिकारियों ने दोनों कारोबारियों के घर और दुकानों में मौजूद दस्तावेजों, जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच शुरू की है। हालांकि अभी तक ED की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े मामले की जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर की जा रही है। ED को जांच के दौरान कुछ ऐसे दस्तावेज और जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर रियल एस्टेट कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर जांच का दायरा बढ़ाया गया है।


बताया जा रहा है कि ED की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित कारोबारियों के बीच किसी तरह का वित्तीय लेनदेन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज या अन्य संदिग्ध गतिविधियां तो नहीं हुई हैं। जांच के दौरान मिले रिकॉर्ड और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को ही ED ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। टीम ने रायपुर के रविनगर स्थित उनके घर और कार्यालय सहित कई स्थानों पर जांच की। इसके अलावा जीडी लॉजिस्टिक के संचालक और डॉक्टर कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के ठिकानों पर भी ED की कार्रवाई हुई है।


इसी कड़ी में रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी ED की टीम पहुंची। अलग-अलग स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और कारोबारी क्षेत्रों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ED की कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान टीम को क्या-क्या जानकारी या रिकॉर्ड मिले हैं। अधिकारियों द्वारा जांच पूरी करने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दुर्ग सहित प्रदेश के कई स्थानों पर ED की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी की टीम सभी संबंधित ठिकानों पर रिकॉर्ड खंगाल रही है और संभावित वित्तीय कड़ियों की जांच कर रही है। आने वाले समय में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






You might also like!