बैडमिंटन में, भारतीय शटलर आज नई दिल्ली में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 के पुरुष और महिला युगल क्वार्टर फाइनल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकाबला चीन के तीसरे वरीयता प्राप्त लियांग वेई केंग और वांग चांग से होगा। इस जोड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप को 21-23, 21-19, 21-17 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।
महिला युगल में, भारतीय जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सामना चीन की चौथी वरीयता प्राप्त जिया यी फैन और झांग शू शियान से होगा। इस जोड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेम में 21-16, 21-12 से हराया था।
इस बीच, पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु, पुरुष एकल बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी और मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो को अपने-अपने क्वार्टर फाइनल से पहले के मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनके संबंधित स्पर्धाओं में भारत का सफर समाप्त हो गया। महिला एकल मैच में पीवी सिंधु तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी यी से हार गईं। सिंधु ने पहला गेम 11-21 से गंवा दिया था, लेकिन दूसरे गेम में 21-15 से वापसी करते हुए जीत हासिल की। हालांकि, एक कड़े मुकाबले में वह तीसरे गेम में 17-21 से हार गईं।
इससे पहले, बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी पुरुष एकल के राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया के अलवी फरहान से 19-21, 11-21 से हार गए। भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो चीन के गुओ शिन वा और चेन फांग हुई से 16-21, 5-21 से हार गईं।















