नई दिल्ली, 26 अगस्त घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार चढ़ाव के बीच दबाव बनता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद बिकवाली का हल्का झटका भी लगा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि सुबह दस बजे के बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे दोनों सूचकांक की चाल कमजोर पड़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 236.01 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,892.10 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 90 अंक फिसल कर 77,805.62 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई।
बाजार में लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक 77,986.84 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि यह तेज ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। इस स्तर पर मुनाफा वसूली होने की वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 197.87 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,853.96 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 7.40 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 24,341.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण कुछ ही देर में यह सूचकांक लगभग 25 अंक फिसल कर लाल निशान में 24,309.50 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही निफ्टी ने रिकवर कर दोबारा हरे निशान में अपनी जगह बना ली।
लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक लगभग 45 अंक की मजबूती के साथ 24,378.60 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में एक बार फिर गिरावट का रुख बन गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 12.50 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,347.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2, 807 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,972 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 835 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 7 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 21 शेयर हरे निशान में और 29 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से कोटक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी लाइफ और बजाज फिनसर्व के शेयर 2.08 प्रतिशत से लेकर 0.99 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, अपोलो हॉस्पिटल, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और नेस्ले के शेयर 1.23 प्रतिशत से लेकर 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 286.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,656.09 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,334.55 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।















