नई दिल्ली, 31 अगस्त।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से कुछ देर के लिए सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में मामूली तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से इन दोनों सूचकांकों पर लगातार दबाव बढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.50 प्रतिशत और निफ्टी 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 133.78 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,130.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर 77,177.27 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स लगातार लुढ़कता चला गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 386.49 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,878.02 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 58.10 अंक यानी 0.24 प्रतिशत फिसल कर 24,117.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक तेजी दिखाते हुए 24,128.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ती चली गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 143.15 अंक यानी 0.59 प्रतिशत टूट कर 24,032.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,936 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 894 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,042 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से तीन शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 27 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सात शेयर हरे निशान में और 43 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, कोल इंडिया, ओएनजीसी और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 1.58 प्रतिशत से लेकर 0.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, श्रीराम फाइनेंस और इन्फोसिस के शेयर 3.05 प्रतिशत से लेकर 2.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,264.51 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,175.65 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।















