काठमांडू, 01 सितंबर।
नेपाल में आई बाढ़ के कारण उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से होकर बहने वाली गंडक नदी में शव मिलने का सिलसिला जारी है। कुशीनगर प्रशासन द्वारा नेपाल को दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक नदी से 13 अज्ञात शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 6 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं।
नदी से बरामद शवों में से 6 को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखा गया है। शवगृह में जगह की कमी होने के कारण बाकी 7 शवों को गोरखपुर स्थित एम्स भेज दिया गया है।
नदी में अभी और शव मिलने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें गंडक नदी में लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। कुशीनगर की प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि शवों से संबंधित निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक सभी कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे नेपाल को सौंप दिया जाएगा।
इस बीच, नेपाल से भारत आने वाले तथा अपने परिजनों की तलाश में कुशीनगर पहुंचने वाले नेपाली नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।















