Breaking News

ईरानी विदेश मंत्रालय का दावा, शादी के घर पर अमेरिकी हमले में 50 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका


विदेश 02 September 2026
post

ईरानी विदेश मंत्रालय का दावा, शादी के घर पर अमेरिकी हमले में 50 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका


तेहरान, 02 सितंबर ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि मंगलवार शाम देश के दक्षिणी हिस्से में एक घर में हो रही शादी की पार्टी पर हवाई हमले में 50 से ज्यादा लोग मारे गए या घायल हो गए।

मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने एक्स पर कहा कि दक्षिणी होर्मोजगन प्रांत के सिरिक जिले के कुहेस्तक में शादी के घर में रात को भयंकर हमला किया गया। इस हमले में शादी के जश्न में डूबे 50 से ज्यादा पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे गए या घायल हो गए।"

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के विदेश मंत्रालय के आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है। बकाई ने इस कथित हमले को अमेरिकी ज़ुल्म-ओ-सितम की एक और कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध की शुरुआत में मिनाब के एक स्कूल पर हमला किया गया था। इसमें दर्जनों बच्चे मारे गए थे।

बकाई ने कहा, "बम से भी ज्यादा खतरनाक है कुछ दिन बाद सब सामान्य हो जाना। खामोशी से भी ज्यादा खतरनाक है खामोशी को जायज ठहराना। ईरान इन बर्बर अपराधों का कड़ाई से जवाब देगा।"

उन्होंने चेतावनी दी कि "जो लोग आज खामोश हैं, वे कल इसके नतीजों से बच नहीं पाएंगे। अन्याय आंखें मूंद लेने से रुकता नहीं है। इससे तो बस अपराधी और ज्यादा बेखौफ हो जाते हैं।"

You might also like!