Breaking News

लोकायन 2026: भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण जहाज INS सुदर्शनी स्पेन के बार्सिलोना पहुंचा


विदेश 02 September 2026
post

लोकायन 2026: भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण जहाज INS सुदर्शनी स्पेन के बार्सिलोना पहुंचा

भारतीय नौसेना का सेल ट्रेनिंग शिप (पाल वाला प्रशिक्षण जहाज) INS सुदर्शनी अपनी चल रही समुद्र-पार यात्रा ‘लोकायन 26’ के तहत बुधवार को स्पेन के बार्सिलोना पहुंच गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बार्सिलोना में रुकने के दौरान यह जहाज स्पेनिश नौसेना और समुद्री क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों के साथ पेशेवर तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होगा। जहाज पर सवार समुद्री प्रशिक्षु पेशेवर बातचीत और समुद्री कौशल के आदान-प्रदान में हिस्सा लेंगे।

4 सितंबर को आगंतुकों के लिए खुला रहेगा जहाज

INS सुदर्शनी 4 सितंबर को आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। इससे लोगों को भारत की समुद्री परंपराओं और नौसेना की खोज की भावना को करीब से अनुभव करने का मौका मिलेगा। मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत के समुद्री प्रयासों का प्रतीक है। यह वैश्विक समुद्री गतिविधियों में भारत की अहमियत तथा पेशेवर प्रशिक्षण और समुद्री नौकायन अभियानों में उत्कृष्टता के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पहले लिस्बन और अजोर्स में कर चुका है पोर्ट विजिट

इससे पहले पिछले महीने 22 अगस्त 2026 को INS सुदर्शनी ‘लोकायन 26’ अभियान के हिस्से के रूप में पुर्तगाल के लिस्बन पहुंचा था। तीन मस्तूल वाले इस जहाज ने टैगस नदी के रास्ते शानदार प्रवेश किया और पारंपरिक नौकायन तथा समुद्री कौशल का प्रदर्शन किया।

पोर्ट पर रुकने के दौरान जहाज के चालक दल और प्रशिक्षुओं ने पुर्तगाली नौसेना के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और भारतीय समुदाय के साथ पेशेवर बातचीत, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। लिस्बन की यह यात्रा सात महीनों की यात्रा में जहाज का 15वां पोर्ट विजिट था। इससे पहले जहाज ने अजोर्स के पोंटा डेलगाडा में अपना पोर्ट विजिट पूरा किया था। वहां पुर्तगाली नौसेना के साथ पेशेवर और सांस्कृतिक गतिविधियां हुईं।

पुर्तगाली नौसेना के सेल ट्रेनिंग जहाज NRP सैग्रेस पर औपचारिक डेक रिसेप्शन आयोजित किया गया। इसके बाद INS सुदर्शनी पर स्थानीय सैन्य अधिकारियों, राजनयिकों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के लिए जवाबी डेक रिसेप्शन भी आयोजित किया गया। विशेष रूप से, इस जहाज ने 15 अगस्त 2026 को पोंटा डेलगाडा में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस भी मनाया। जहाज को विशेष रूप से सजाया गया था और ‘कलर्स सेरेमनी’ के साथ गर्व तथा देशभक्ति के साथ इस मौके को मनाया गया।

10 महीने का है लोकायन 26 अभियान

INS सुदर्शनी ‘लोकायन 26’ अभियान का हिस्सा है। यह 10 महीने तक चलने वाला समुद्री अभियान है, जिसकी शुरुआत इस साल जनवरी में हुई थी। यह यात्रा दुनिया भर में भारत के स्थायी समुद्री जुड़ाव और सद्भावना की भावना को मजबूत कर रही है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.