राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं और संदेश से भारतीय संस्कृति और दर्शन में जीवंतता आती है।
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन और संदेश मानवता को सत्य, धर्म, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मानवता का निरंतर मार्गदर्शन करने वाले भगवान श्री कृष्ण के दिव्य संदेशों में निस्वार्थ कर्म की प्रेरणा निहित है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री कृष्ण की भक्ति और पूजा के इस पवित्र अवसर पर सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार हो।
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जन्माष्टमी के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री शाह ने कामना की कि भगवान कृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण का अमर संदेश कर्तव्य-निष्ठा, विवेक, धैर्य और सभी के कल्याण के लिए प्रेरित करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीएसएलवी-एफ17 के सफल प्रक्षेपण की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि ईओएस-05 भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को मजबूत करता है और इसके अंतरिक्ष कार्यक्रम की बढ़ती आधुनिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी नवाचार को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दे रही है, स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत कर रही है और अंतरिक्ष संबंधी महत्वाकांक्षाओं के लिए नए रास्ते खोल रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश लगातार एक प्रगतिशील, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है।















