सक्ती, 07 सितम्बर। शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगकर युवक से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सक्ती पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित की पहचान दुर्गेश उर्फ लतेल चौहान (26), निवासी वार्ड क्रमांक 04, सक्ती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित विष्णु साहू ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे वह किसान बीज भंडार कृषि दवाई दुकान के पीछे स्थित गोदाम की ओर से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आरोपित ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का से मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई।
इसके बाद आरोपित पीड़ित का पीछा करते हुए उसके घर के सामने भी पहुंच गया और दोबारा गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी पुष्पा साहू और पड़ोसी शोभा साहू मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर उसे बचाया।
रिपोर्ट पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 126(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपित दुर्गेश उर्फ लतेल चौहान को आज सुबह 11.20 बजे गिरफ्तार किया।
आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 18 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज होना पाया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सक्ती एवं पुलिस टीम ने की।















