नई दिल्ली, 10 सितंबर। ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव और कच्चे तेल की कीमत में हुई बढ़ोतरी की वजह से ग्लोबल मार्केट में आज भी चौतरफा दबाव बना हुआ है। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज गिरावट का रुख बना हुआ है।
पश्चिम एशिया के तनाव और ईरान द्वारा अमेरिकी ठिकानों पर और तेज हमला करने की चेतावनी देने के बाद अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान घबराहट का माहौल बना रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 400 अंक की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,636.36 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 168.07 अंक यानी 0.64 प्रतिशत टूट कर 26,253.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 197.67 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,578.33 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 141.60 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,670.06 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 161.31 अंक यानी 1.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,156.67 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 431.18 अंक यानी 1.69 प्रतिशत लुढ़क कर 25,576.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता गिफ्ट निफ्टी 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,504.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 413.78 अंक यानी 0.64 प्रतिशत के गिरावट के साथ 64,729 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.65 प्रतिशत फिसल कर 5,692.63 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 351.96 अंक यानी 1.41 प्रतिशत टूट कर 24,923 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
ताइवान वेटेड इंडेक्स पर भी आज दबाव बना हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 357.33 अंक यानी 0.76 प्रतिशत लुढ़क कर 46,826.03 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 0.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,001.22 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.35 प्रतिशत फिसल कर 3,937.78 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.06 प्रतिशत टूट कर 1,616.87 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,674.67 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।















