Breaking News

जापान में मनसुख मांडविया ने किया ‘संडे ऑन साइकिल’ का नेतृत्व, एशियन गेम्स के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं


खेल 21 September 2026
post

जापान में मनसुख मांडविया ने किया ‘संडे ऑन साइकिल’ का नेतृत्व, एशियन गेम्स के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जापान के नागोया में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का नेतृत्व किया। इस अभियान का मकसद सार्वजनिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और टिकाऊ व सक्रिय जीवनशैली के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने एशियाई खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं। इस कार्यक्रम में भारतीय राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक भी शामिल हुईं।

एशियन गेम्स 2026 के बारे में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि शनिवार से जापान के नागोया में एशियन गेम्स शुरू हो गए हैं। भारत से 503 युवा खिलाड़ियों का दल एशियन गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचा है। उनका हौसला बढ़ाने और समर्थन दिखाने के लिए, नागोया में भारतीय समुदाय ने आज एक ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया। मुझे खुशी है कि हमारा दल अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और हमारा भारतीय समुदाय भी उनका हौसला बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा, “यह स्वाभाविक है कि विदेशों में रहने वाले हमारे भारतीय नागरिक हमारी ताकत हैं। भारतीय लोगों को जहां भी और जिस भी तरह की मदद की जरूरत होती है, हमारे प्रवासी हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं। नागोया में, हमारे भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने और उनकी सुविधा के लिए, वहां रहने वाले भारतीयों ने सभी जरूरी इंतजाम किए हैं और कई युवा वॉलंटियर के तौर पर सेवा भी दे रहे हैं। यही भारत की असली पहचान है।”

साइक्लिंग इवेंट में हिस्सा लेने पर जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक ने कहा, “यह बहुत अच्छा अनुभव था। मुझे बहुत खुशी है कि मंत्री मांडविया ने यह शानदार पहल की है। वे जहां भी होते हैं, इसे (संडे ऑन साइकिल) करते हैं और यहां नागोया में भी उन्होंने ऐसा किया। सभी का एक साथ होना अच्छा लगा। मुझे खुशी है कि प्रवासी भारतीय इसमें शामिल हुए।”

भारतीय राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक ने जापानी एथलीटों से मुलाकात के बाद कहा, “मैं कुछ एथलीटों से मिली थी। आज भी कुछ और लोगों से मिलने की उम्मीद है। मुझे बहुत खुशी है कि महिला क्रिकेट टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं चाहती हूं कि वे फाइनल में पहुंचें और मुझे उम्मीद है कि मैं भी वहां मौजूद रहूंगी।”

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.