कल समरकंद में आयोजित फिडे शतरंज ओलंपियाड के आठवें दौर में भारत ने अजरबैजान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। आर प्रग्नानंधा, अर्जुन एरिगैसी, डी गुकेश और विदित संतोष गुजराती सभी अपने अजरबैजानी प्रतिद्वंद्वियों के साथ ड्रॉ पर रहे।
गुकेश और मुरादली मोहम्मद के बीच 56 चालों के बाद ड्रॉ रहा, जबकि प्रग्नानंद ने शखरियार ममेदयारोव, अर्जुन ने आयदिन सुलेमानली और विदित ने राउफ ममेदोव के साथ ड्रॉ खेला। भारत ओपन वर्ग में 13 मैच प्वाइंट के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बना हुआ है। उज्बेकिस्तान और जर्मनी 14 मैच प्वाइंट के साथ शीर्ष पर हैं, जर्मनी ने मेजबान टीम को 2.5-1.5 से हराया।
महिला वर्ग में, मौजूदा चैंपियन भारत ने कजाकिस्तान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला और संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बना रहा। बी सविता श्री ने एल्नाज कालियाखमेट को हराकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की। कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख का मैच ड्रॉ रहा, जबकि वैशाली रामेशबाबू नूरमान अलुआ से हार गईं।













