राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार से हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। आज वह बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
इसके बाद कल बुधवार को राष्ट्रपति लाहौल-स्पीति जिले के रोहतांग स्थित अटल सुरंग का दौरा करेंगी। वह अटल टनल का दौरा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले जून 2022 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इसका दौरा किया था।
रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण 9.02 किलोमीटर लंबी अटल टनल ‘रोहतांग दर्रे’ से गुजरती है, इसका निर्माण मनाली-लेह राजमार्ग पर अत्यंत कठिन इलाके में ठंड के तापमान की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 अक्टूबर 2020 को हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में अटल टनल का उद्घाटन किया था।
इस सुरंग के निर्माण से पहले तक, यह राजमार्ग लाहौल और स्पीति को मुख्य भूमि से अलग करते हुए सर्दियों के मौसम में छह महीने तक बंद रहा करता था।
अटल टनल के निर्माण से मनाली-सरचू सड़क पर 46 किलोमीटर की दूरी और यात्रा के समय में चार से पांच घंटे तक की कमी आई है, जिससे मनाली-लेह राजमार्ग पर सभी मौसमों में कनेक्टिविटी उपलब्ध हो गई है।















