Breaking News

दिल्ली की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों को नई जर्सी देगा स्केचर्स, यूफ्लेक्स भी बना डीडीसीए का आधिकारिक साझेदार


खेल 12 October 2026
post

दिल्ली की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों को नई जर्सी देगा स्केचर्स, यूफ्लेक्स भी बना डीडीसीए का आधिकारिक साझेदार

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर   दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने 2026-27 के घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए स्केचर्स को आधिकारिक परिधान प्रायोजक और यूफ्लेक्स को आधिकारिक साझेदार घोषित किया है। इस करार के तहत स्केचर्स दिल्ली की पुरुष और महिला टीमों को विभिन्न आयु वर्गों में खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए परिधान उपलब्ध कराएगा। ये टीमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के घरेलू टूर्नामेंटों में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करती हैं।

डीडीसीए के अनुसार पिछले सत्रों में पुरुष और महिला टीमों की मैच जर्सी तथा अभ्यास किट पर संघ को लगभग 50 लाख रुपये खर्च करने पड़ते थे। स्केचर्स के प्रायोजन से इस सत्र में खिलाड़ियों को बेहतर परिधान उपलब्ध कराने के साथ संघ के इस खर्च की भरपाई करने में मदद मिलेगी।डीडीसीए ने बताया कि यूफ्लेक्स भी 2026-27 सत्र के लिए आधिकारिक साझेदार के रूप में जुड़ा है। समझौते की शर्तों के अनुसार, कंपनी का लोगो टीम की किट पर दिखाई देगा। इन दोनों साझेदारियों से संघ को अपने परिधान संबंधी खर्च की भरपाई के साथ अतिरिक्त प्रायोजन राजस्व मिलने की उम्मीद है।

यह पहल दिल्ली क्रिकेट के व्यावसायिक साझेदारों का दायरा बढ़ाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “हम 2026-27 सत्र के लिए स्केचर्स और यूफ्लेक्स का स्वागत करते हुए प्रसन्न हैं। दुनिया भर में पहचान रखने वाले ब्रांडों और उद्योग जगत के अग्रणी समूहों के साथ रणनीतिक साझेदारी करना दिल्ली में मजबूत और टिकाऊ क्रिकेट व्यवस्था विकसित करने की हमारी सोच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ये साझेदारियां हमारी घरेलू क्रिकेट व्यवस्था के पेशेवर स्तर को बेहतर बनाने के साथ दिल्ली क्रिकेट की ब्रांड वैल्यू को भी दर्शाती हैं। हमारी प्राथमिकता प्रशासनिक व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाना और पुरुष तथा महिला टीमों को उच्चस्तरीय संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना है।”

स्केचर्स के प्रवक्ता ने कहा कि डीडीसीए जैसे प्रमुख खेल संस्थान के साथ साझेदारी कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में दिल्ली का समृद्ध इतिहास रहा है और यह सहयोग कंपनी को देश की प्रमुख घरेलू क्रिकेट व्यवस्था से सीधे जुड़ने का अवसर देता है।

यूफ्लेक्स समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अशोक चतुर्वेदी ने कहा कि 2026-27 घरेलू सत्र के लिए डीडीसीए के साथ जुड़ना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साझेदारी भारतीय खेल जगत में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करने के साथ दोनों पक्षों के लिए लाभकारी साबित होगी।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.