भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भी भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून कल पूरे देश से वापस लौट गया।
मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज सुबह से दोपहर तक राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने और गरज के साथ बिजली गिरने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम एजेंसी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग ने आज हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान की भविष्यवाणी की है। मध्य प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और लक्षद्वीप में भी अगले दो दिनों तक इसी तरह के मौसम की संभावना है। वहीं, कोंकण और गोवा में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।















