Breaking News

आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने वीर सेनानियों को किया नमन


देश 21 October 2026
post

आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने वीर सेनानियों को किया नमन

आजाद हिंद फौज (आईएनए) के स्थापना दिवस पर बुधवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने वीर सेनानियों को नमन किया है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में कहा, “मां भारती की स्वाधीनता के लिए गठित आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। अमर शहीदों को नमन।”

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, “आजाद हिन्द फौज (आईएनए) के स्थापना दिवस पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आईएनए के पराक्रमी सेनानियों को कोटिशः नमन एवं वंदन! नेताजी के नेतृत्व में वर्ष 1943 में ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तिरंगा फहराकर भारत की आजादी की घोषणा करने वाले आईएनए के वीर सेनानी अनंतकाल तक राष्ट्रप्रथम की प्रेरणा बने रहेंगे। उनके त्याग, साहस और अटूट देशप्रेम की गाथाएं हमें राष्ट्रसेवा और एकता के लिए प्रेरित करती रहेगी।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता के महासमर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर मां भारती के वीर सपूतों के चरणों में शत-शत नमन करता हूं! ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आजादी दूंगा’ के उद्घोष के साथ आजादी के लिए बलिदान देने वाले हुतात्माओं का योगदान सदैव अमर रहेगा।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा, “भारतीय स्वाधीनता संग्राम में राष्ट्रनिष्ठा, अदम्य साहस और बलिदान की गौरवशाली गाथा लिखने वाली आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर मां भारती के वीर सपूतों को शत-शत नमन। यह दिवस केवल एक सैन्य संगठन के गठन का स्मरण नहीं, बल्कि उस अदम्य संकल्प का स्मरण है, जिसने स्वाधीनता की आकांक्षा को सशस्त्र संघर्ष का स्वर दिया, भारतीयों के हृदय में स्वराज का विश्वास जगाया और राष्ट्र के लिए सर्वस्व समर्पण की प्रेरणा दी। वीर सेनानियों का शौर्य और त्याग स्वतंत्रता के इतिहास में सदैव अमर रहेगा।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “कदम-कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा…भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में नई चेतना फूंकने वाली आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर मां भारती की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी अमर बलिदानियों और वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन!”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, “आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस पर मां भारती की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में उनका अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम भारत के स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय है।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “आजाद हिन्द फौज के स्थापना दिवस पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले सभी वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन। नेताजी ने अपने अदम्य साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देशवासियों में स्वतंत्रता का विश्वास जगाया। वर्ष 1943 में अंडमान-निकोबार में तिरंगा फहराने की ऐतिहासिक घटना उनके संघर्ष और आजाद हिन्द फौज के संकल्प की प्रतीक है। इन वीर सेनानियों का त्याग, शौर्य और देशप्रेम सदैव हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली ‘आज़ाद हिंद फौज’ के स्थापना दिवस पर इस संगठन से जुड़े प्रत्येक स्वतंत्रता सेनानी को शत शत नमन! नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज के वीर सैनिकों ने अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अनुपम परिचय दिया। उनका संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।” 

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.