रायपुर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा और धार्मिक आकांक्षाओं को साकार करने का माध्यम बन रही है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन प्रभु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या धाम रवाना हुई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में तीर्थयात्रियों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ अपनी पवित्र यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु रामलला के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त होगा।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक तथा जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रेलवे तथा भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशवासियों को उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में दर्शन-पूजन करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।













