वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बताया कि बर्लिन में उन्होंने कई प्रमुख जर्मन व्यापारिक नेताओं के साथ सार्थक बैठकें कीं। इन चर्चाओं में उन्होंने भारत में निवेश, विनिर्माण और नवाचार के लिए जर्मन कंपनियों के सामने मौजूद अपार अवसरों पर जोर दिया। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (EU) के पास विश्वास, प्रतिस्पर्धात्मकता और एक-दूसरे की पूरक क्षमताओं पर आधारित मजबूत आर्थिक साझेदारी बनाने का सुनहरा मौका है।
बायर और फ्रेसेनियस के साथ हेल्थकेयर सहयोग पर चर्चा
केंद्रीय मंत्री ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने बायर (Bayer) के फार्मास्यूटिकल्स डिवीजन के अध्यक्ष स्टीफन ओलरिच से मुलाकात की। बैठक में भारत में बायर की विस्तार योजनाओं और हेल्थकेयर इकोसिस्टम में अधिक निवेश, नवाचार तथा सहयोग के अवसरों पर बातचीत हुई। फ्रेसेनियस ग्रुप के सीईओ माइकल सेन के साथ मुलाकात में हेल्थकेयर क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई। पीयूष गोयल ने कहा कि कंपनी भारत के कुशल टैलेंट और विश्व स्तरीय उत्पादन क्षमताओं का उपयोग करके घरेलू व वैश्विक दोनों बाजारों की जरूरतों को पूरा कर सकती है।
नौफ ग्रुप के साथ निर्माण सामग्री और बुनियादी ढांचे पर जोर
बर्लिन में ही पीयूष गोयल ने नौफ ग्रुप (Knauf Group) के ग्लोबल जनरल पार्टनर मुरात अकयिल्दिज़ से मुलाकात की। इस दौरान भारत में कंपनी के विनिर्माण विस्तार और टिकाऊ निर्माण सामग्री तथा बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। यह सहयोग भारत के तेजी से हो रहे शहरी और आर्थिक बदलाव के अनुरूप है।
DGAP इंडिया सेंटर का उद्घाटन; वैश्विक मूल्य श्रृंखलाएं बनाने का आह्वान
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री ने जर्मनी की संघीय आर्थिक मामलों और ऊर्जा मंत्री कैथरीना रीचे के साथ ‘जर्मन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस’ (DGAP) के ‘इंडिया सेंटर’ के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। पीयूष गोयल ने कहा कि यह सेंटर भारत-जर्मनी संबंधों को गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जोर दिया कि दोनों देशों की पूरक क्षमताएं महत्वाकांक्षी आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करने का मजबूत आधार हैं। भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता (FTA) इस साझेदारी को और गति देगा।
पीयूष गोयल ने कहा कि मिलकर मजबूत वैश्विक मूल्य श्रृंखलाएं बनाई जा सकती हैं और व्यवसायों व निवेशकों को आपसी समृद्धि के नए रास्ते तलाशने चाहिए। ESMT बर्लिन द्वारा आयोजित बिजनेस लीडर्स राउंडटेबल में भी उन्होंने कई कंपनियों के सीईओ और व्यापारिक नेताओं से बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे भारत-जर्मनी व्यापार और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक हैं।














