मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में घुसपैठ और उन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अदालती सुनवाई शुरू हो गई है।मामले की पहली गवाह के रूप में परिवार की स्टाफ नर्स ने अदालत में अपना बयान दर्ज कराया।
नर्स ने आरोपी मोहम्मद शरीफुल की पहचान करते हुए कहा कि जनवरी 2025 में उनके घर में घुसने वाला शख्स यही था। नर्स के बयान के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई ने अहम पड़ाव पार कर लिया है।
नर्स ने अदालत को बताया कि वह पांच साल से अधिक समय से सैफ अली खान और करीना कपूर खान के परिवार के साथ काम कर रही हैं। उनकी जिम्मेदारी दंपती के छोटे बेटे जेह की देखभाल करना था।
घटना वाली रात वह बच्चे के कमरे में मौजूद थीं। उनके मुताबिक, घर में घुसे व्यक्ति ने पहले उन्हें डराया और फिर विरोध करने पर उन पर हमला किया। अभियोजन पक्ष अब इस गवाही के जरिए घटना की परिस्थितियों और आरोपी की कथित भूमिका अदालत के सामने रख रहा है।
सैफ अली खान पर हमला 15 और 16 जनवरी 2025 की दरम्यानी रात हुआ था। इस मामले में अभियोजन पक्ष की पहली गवाह के तौर पर परिवार की नर्स का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उन्होंने अदालत में आरोपी मोहम्मद शरीफुल की पहचान की और कहा कि उन्होंने घटना के दौरान उसे घर के अंदर देखा था। नर्स के मुताबिक, वह रात में एक आवाज सुनकर जागी थीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि बाथरूम की लाइट जलने के कारण परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद होगा। लेकिन कुछ देर बाद उन्हें स्थिति सामान्य नहीं लगी। उन्होंने टोपी पहने एक व्यक्ति की परछाईं देखी, जो जेह के बिस्तर की तरफ बढ़ रहा था।
नर्स ने बताया कि वह बच्चे को उठाने के लिए आगे बढ़ीं, तभी उस व्यक्ति ने उन पर हेक्सा ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी दो उंगलियों में चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए ने उन्हें चुप रहने की धमकी भी दी। आरोपी ने मांगे थे एक करोड़ रुपये, नर्स का दावा नर्स ने पुलिस को दिए अपने पहले के बयान में बताया था कि जब उन्होंने घुसपैठिए से पूछा कि उसे क्या चाहिए, तो उसने पैसों की मांग की और कथित तौर पर एक करोड़ रुपये मांगे। इस दौरान कमरे में मौजूद बच्चे की आया भी जाग गई थी।















