Breaking News

शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें बैंक : कलेक्टर अभिजीत सिंह


शहर 01 November 2026
post

शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें बैंक : कलेक्टर अभिजीत सिंह

दुर्ग   कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के कार्यों, ऋण वितरण, जमा अनुपात, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, जन सुरक्षा योजनाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर सिंह ने बैंकों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए बैंक एक निर्धारित तिथि तय करें। बैंकों की सहमति पर सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को निर्धारित किया गया है, ताकि हितग्राहियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बैंकों की प्राथमिकता एवं 3 गैर-प्राथमिकता क्षेत्र के ऋण, ऋण-जमा अनुपात, शिक्षा ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, जन सुरक्षा योजनाओं और अन्य शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंकों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर, मत्स्य पालन एवं पशुपालन सहित विभिन्न योजनाओं में लंबित ऋण आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित बैंकों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के लिए भी कहा।

बैठक में नगर पालिक निगम दुर्ग की आयुक्त लीना कोसम ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान करने को कहा। भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर से उपस्थित सजनंद वर्मा ने भी बैठक में सहभागिता की। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं अन्य बैंक अधिकारियों को वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को वित्तीय साक्षरता प्रदान करने तथा पात्र हितग्राहियों को जन सुरक्षा योजनाओं एवं किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में  सहायक महाप्रबंधक (इंडियन बैंक) अमित गौरव, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अंशु गोयल, वित्तीय साक्षरता केन्द्र दुर्ग लेखराम ध्रुव  सहित जिला पंचायत दुर्ग, जिला उद्योग केंद्र, मत्स्य पालन एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.